
आलोक गुप्ता
प्रयागराज : सड़क सुरक्षा एवं यातायात माह को लेकर शंकरगढ़ के सिंधी टोला में स्थित न्यू चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल में पुलिस अधीक्षक यमुनापार ने पाठशाला लगाकर यातायात के नियमों की जानकारी दी और बच्चों से सदैव ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की। एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित ने कहा यातायात नियमों के पालन से सड़क पर होनेवाले हादसों में भारी कमी आती है।
यातायात जागरुकता माह नवंबर के उलक्ष्य में समूचे जनपद में जागरुकता का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शंकरगढ़ के न्यू चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल में पुलिस अधीक्षक यमुनापार सौरभ दीक्षित व क्षेत्रधिकारी बारा संतलाल सरोज ने जागरुकता कार्यक्रम को संबोधित किया। विद्यालय के प्रबंधक प्रकाश चंद्र मिश्र ने पुलिस अधीक्षक को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। पुलिस अधीक्षक यमुनापार ने कहा कि आप सभी लोग यातायात के नियमों का अनुसरण एवं पालन करें अपने परिजनों, पास पडोस के लोगो को जागरूक करें। उनसे बताएं कि जब भी घर से दो पहिया वाहन से निकले तो हेलमेट का प्रयोग जरूर करें। जबकि चार पहिया वाहन चलाते व बैठने वाले लोग सीट बेल्ट जरूर लगाएं।

एसपी यमुनापार ने कहा, गाडी हमेशा बाएं (अपनी साइड) चलाएं। रोड क्रास करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का प्रयोग जरूर करें। वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग कतई न करें और दो पहिया वाहन में तीन सवारी न करें। पुलिस अधीक्षक ने बच्चों द्वारा यातायात नियमों के पालन करने संबंधी चित्रकारी व रंगोली पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। विद्यालय की तरफ से पुलिस अधीक्षक को स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए लोगों से यातायात के नियमों के पालन करने की अपील की गई। इस मौके पर प्रधानाचार्य वेद प्रकाश मिश्र, बीएल सोनी, अंकुश मिश्र, अनुज मिश्र, रवि सिंह, अंजू केसरवानी, इंद्रजीत मिश्र, ओपी गुप्ता, सुशांत वर्मा, राहुल राव, योगेश पांडेय, प्रियांशी सिंह, साक्षी पांडेय, वैशाली सिंह, निकिता पांडेय मौजूद रहीं।


