
पुरूषोत्तम कनौजिया
नवी मुंबई : नवी मुंबई में अनंत चतुर्दशी के दिन करीब 9 हजार 96 गणेश मूर्तियों का विसर्जन किया गया। जिसमे से 3817 गणेश मूर्तियों का महानगर पालिका द्वारा बनाए गए कृत्रिम तालाबों में विसर्जन किया गया। कोरोना महामारी के बाद पहली बार सभी नियमों से मुक्त गणेशोत्सव को भक्तों ने काफी उत्साह के साथ मनाया । विसर्जन के दौरान भक्त ढोल – तासों की आवजों पर थिरकते हुए गणपति बप्पा के जयकारे लगाते नजर आए। इस साल भक्तों ने पारंपरिक तालाबों के साथ पालिका निर्मित तालाबों में भी गणेश विसर्जन को प्राथमिकता दी । डेढ़, पांच, छह, सात और अनंत चतुर्दशी के दिनों में गौरी के साथ पांच विसर्जन दिनों में कुल 37,452 भगवान गणेश की मूर्तियों का विसर्जन किया गया। इसमें 15075 मूर्तियों को पर्यावरण के प्रति सम्मान का प्रदर्शन करने के लिए कृत्रिम तालाबों में विसर्जित किया गया । जल स्त्रोतों को गंदगी से बचाने के लिए महानगर पालिका की तरफ से प्रत्येक विसर्जन स्थल पर दो कलश रखे गए थे। जिसमे से एक कलश सूखे कचरे के लिए तो दूसरे कलश को गीले कचरे के लिए इस्तेमाल करने की गुजारिश की गई थी । पालिका ने कचरा इकट्ठा करने के लिए कुछ विशेष वाहनों का भी प्रबंध किया था । इस त्योहार के दौरान लगभग 40 टन गीला कचरा जमा किया गया है। जिससे तुर्भे स्थित प्लांट में खाद तैयार की जाएगी ।


