
BHIWANDI: नाबालिग छात्रा से युवक ने की छेड़छाड़; आरोपी फरार

भिवंडी: हाई स्कूल में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा से पड़ोस के युवक द्वारा रात में छेड़-छाड़ कर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश करने की घटना प्रकाश में आई है। लड़की की मां की शिकायत पर भिवंडी शहर पुलिस ने आरोपी लड़के आमिर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है, 4 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपी को नहीं पकड़ सकी है। घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार घूंघट नगर स्थित काप तालाब के पास कक्षा 10वीं में पढ़ने वाली एक नाबालिग लड़की अपने परिवार के साथ रहती है। उसके पड़ोस में रहने वाले आमिर नाम के लड़के की नजर उस लड़की पर थी, जो उसे आते-जाते घूरता और छेड़ता रहता था, उसने लड़की से छेड़-छाड़ करते हुए शादी करने का भी प्रस्ताव रखा। घटना के दिन लड़की 8:30 बजे के करीब सिलाई का सामान लेकर घर वापस आ रही थी, इसी बीच लड़के ने लड़की को जबरन अपने घर में खींच लिया और उसके साथ छेड़-छाड़ करते हुए जबरदस्ती करने की कोशिश की, इस पर लड़की चिल्लाई तो पड़ोस में रहने वाले लड़की का भाई और मां पहुंच कर लड़की को छुड़ाकर घर ले आए। घटना के बाद लड़की की मां ने इस घटना की शिकायत भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई। पीड़िता लड़की की मां की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में आरोपी लड़के आमिर के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। सूत्रों के अनुसार घटना के बाद से युवक अपनी खोली में ताला लगाकर फरार हो गया है।