India Ground Report

Washington : बाइडन ने एडमिरल फ्रांचेटी को चुना नौ सेना की मुखिया, अमेरिकी सीनेट की मंजूरी बाकी

अमेरिका में किसी भी सैन्य सेवा की प्रमुख बनने वाली पहली महिला होंगी फ्रांचेटी
वाशिंगटन: (Washington)
अमेरिका को किसी भी सैन्य सेवा की पहली महिला प्रमुख मिलने जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने एडमिरल लीजा फ्रांचेटी को अमेरिकी नौसेना का नेतृत्व करने के लिए चुना है। यदि अमेरिकी सीनेट उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे देती है, तो वह अमेरिका में किसी भी सैन्य सेवा की प्रमुख बनने वाली पहली महिला होंगी।

फ्रांचेटी अभी नौसेना की उप प्रमुख हैं। वह 1985 में नौसेना में शामिल हुईं थीं। उन्होंने अमेरिकी नौसेना बल में कोरिया के कमांडर, युद्ध के लिए नौसेना संचालन के उप प्रमुख और रणनीति के निदेशक, योजनाओं और नीति के निदेशक के रूप में कार्य किया है। उन्होंने दो कैरियर स्ट्राइक ग्रुप की कमान भी संभाली है और सितंबर 2022 में नौसेना की उप प्रमुख बनीं।

राष्ट्रपति बाइडन ने घोषणा की कि अमेरिका की अगली नौसेना संचालन प्रमुख के रूप में एडमिरल लीजा फ्रांचेटी को चुना गया है। बाइडन ने कहा कि अपने पूरे करियर के दौरान एडमिरल फ्रांचेटी ने परिचालन और नीति दोनों क्षेत्रों में व्यापक विशेषज्ञता का प्रदर्शन किया है। वह अमेरिकी नौसेना में चार सितारा एडमिरल का पद हासिल करने वाली दूसरी महिला हैं। अमेरिकी सीनेट की मंजूरी के बाद वह नौसेना संचालन प्रमुख और संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में सेवा देने वाली पहली महिला के रूप में फिर से इतिहास बनाएंगी।

बाइडन ने वह यूएस फ्लीट फोर्सेज कमांड के डिप्टी कमांडर वाइस एडमिरल जेम्स किल्बी को अगले नौसेना उप प्रमुख के रूप में नामित किया है। अमेरिकी नेवी के पैसिफिक बेड़े के कमांडर एडमिरल सैमुअल पेपारो को इंडो-पैसिफिक कमांड के कमांडर के रूप में प्रशांत क्षेत्र में अमेरिकी सेना का नेतृत्व करने के लिए नामित किया गया है। बाइडन ने अमेरिकी पैसिफिक बेड़े के कमांडर के रूप में पेपारो की जगह लेने के लिए वाइस एडमिरल स्टीफन वेब कोहलर को भी नामित किया।

Exit mobile version