
उज्जैन : (Ujjain) मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी-20 सिंधिया कप 2026 (Madhya Pradesh League (MPL) T20 Scindia Cup 2026) से पहले उज्जैन फाल्कन्स को बड़ी मजबूती मिली है। ऑलराउंडर माधव तिवारी (All-rounder Madhav Tiwari) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में दिल्ली कैपिटल्स का अभियान समाप्त होने के बाद उज्जैन फाल्कन्स कैंप से जुड़ गये हैं। उज्जैन फाल्कन्स (Ujjain Falcons) अपनी एमपीएल टी-20 अभियान की शुरुआत 3 जून को इंदौर के प्रतिष्ठित होलकर स्टेडियम में ग्वालियर चीताज के खिलाफ करेगी।
आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले ऑलराउंडर माधव ने आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए तीन मुकाबले खेले और प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए चार विकेट हासिल किए।
टीम ने पूर्व मध्य प्रदेश क्रिकेटर सुनील धोलपुरे (Madhya Pradesh cricketer Sunil Dholpure) के मार्गदर्शन में टूर्नामेंट की तैयारियां पहले ही शुरू कर दी हैं, जहां खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ लगातार अभ्यास सत्रों में हिस्सा ले रहे हैं।
रविवार को आयोजित एक भव्य समारोह में उज्जैन फाल्कन्स की नई जर्सी का भी आधिकारिक अनावरण किया गया था, जो उज्जैन की संस्कृति, पहचान और जोश को दर्शाती है।
माधव तिवारी के टीम से जुड़ने पर उज्जैन फाल्कन्स के प्रमोटर विनायक कालानी (Vinayak Kalani) ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स के साथ शानदार आईपीएल सीजन बिताने वाले माधव तिवारी का हम उज्जैन फाल्कन्स परिवार में स्वागत करते हैं। वह बेहद प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं और उनके प्रदर्शन ने दिखाया है कि वह बड़े स्तर पर चमकने की क्षमता रखते हैं। उनकी मौजूदगी हमारी टीम को और मजबूत बनाएगी और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। कैंप के भीतर शानदार ऊर्जा है और हमारा सिर्फ एक ही लक्ष्य है, पूरी मजबूती से मुकाबला करना और उज्जैन का नाम रोशन करना।
टीम:
माधव तिवारी, आर्यन पांडे, चंचल राठौर, अधीर प्रताप सिंह, यश दुबे, सोहम पटवर्धन, शुभम कुशवाह, मासूम रज़ा कैफ, ओजस्वा यादव, गजेंद्र गोस्वामी, आयुष मंकार, अंकुर सिंह चौहान, ऋषि मिगलानी, हर्षवर्धन हार्डिया, नवीन नागले, विशेष मुद्गल, दर्शन राठौर


