
Thane : महाराष्ट्र में पहली बार शिवसेना जिला प्रमुख का बगावत

शिवसेना के ठाणे जिलाप्रमुख नरेश मस्के एकनाथ शिंदे के पद चिन्हों पर
ठाणे: शिवसेना से बगावत करने वाले राज्य के नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे (Urban Development Minister Eknath Shinde) के पद चिन्हों पर चलने का निर्णय शिवसेना के ठाणे जिला प्रमुख नरेश म्हस्के ने लिया है। वे महाराष्ट्र के पहले शिवसेना जिला प्रमुख बने, जिन्होंने खुले तौर पर एकनाथ शिंदे के बाद पार्टी से बगावत की। नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे को लेकर ठाणे जिले में भी पार्टी के अंदर उथल-पुथल शुरू हो गई है। इसी क्रम में शिवसेना के ठाणे जिला प्रमुख और ठाणे के पूर्व महापौर नरेश म्हस्के ने खुलकर एकनाथ शिंदे का समर्थन किया है। इस समर्थन को उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से भी पोस्ट किया है।
शिवसेना के ठाणे जिला प्रमुख नरेश म्हस्के ने इस बात का विशेष जिक्र किया है कि एकनाथ शिंदे एक ऐसे नेता के तौर पर सामने आए हैं जिनके पास राष्ट्रीय विजन है। हमें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में महाराष्ट्र में निश्चित तौर पर राजनीति स्थिरता आएगी। जिसकी महाराष्ट्र को पहले से ही आवश्यकता थी। म्हस्के ने एकनाथ शिंदे का समर्थन करते हुए कहा कि मैं उनके विचारों से सदैव प्रभावित रहा हूं। उनका हर कदम राजनीति की एक सकारात्मक विचारधारा को प्रचारित और प्रसारित करता है।
मैं पूरी निष्ठा के साथ राज्य के नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे के साथ हूं। इतना ही नहीं आगे उन्होंने दावा किया है कि ठाणे जिले में भी बड़ी संख्या में शिवसैनिक एकनाथ शिंदे को अपना समर्थन दे रहे हैं। खासकर ठाणे शहर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस समय 50 से अधिक नगरसेवक उनके संपर्क में है। वे सभी एकनाथ शिंदे को अपना समर्थन दे रहे हैं। आगे ठाणे जिला प्रमुख म्हस्के ने बताया कि महाराष्ट्र को एकनाथ शिंदे जैसे राजनीतिक चेहरे की आवश्यकता थी। अब वे बंधन मुक्त राजनीतिक भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने जो भी कदम राजनीतिक नजरिए से उठाया है, उसके भविष्य में भी काफी सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। ऐसी मेरी अपेक्षा है। इन बातों का जिक्र करते हुए म्हस्के ने कहा कि महाराष्ट्र में राजनीतिक परिवर्तन का उपयुक्त समय आ गया है । यही परिवर्तन महाराष्ट्र के लोगों को समस्याओं से मुक्त कराने में कारगर होगा।