
Thane: स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव को लेकर ठाणे शहर में शुरू हुई राजनीतिक जंग

राज्य के प्रधान सचिव से की जाएगी मनपा आयुक्त डॉ शर्मा की शिकायत
ठाणे : स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के निमित्त ठाणे महानगरपालिका प्रशासन द्वारा भी उत्सव 75 का आयोजन किया जाने वाला है । इसी को लेकर आज ठाणे मनपा के अतिरिक्त आयुक्त संदीप मालवी और संजय हेरवडे ने पूर्व महापौर नरेश म्हस्के के साथ एक मंच पर आकर अमृत महोत्सव को लेकर विस्तृत जानकारी दी। प्रशासनिक बैठक के दौरान पूर्व महापौर भी अधिकारियों के बीच मौजूद थे और उन्होंने अपनी बातें रखी। इसी को लेकर ठाणे राष्ट्रवादी कांग्रेस के शहर जिला अध्यक्ष आनंद परांजपे ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक सामान्य व्यक्ति जो किसी भी संवैधानिक पद पर नहीं है और सामान्य नागरिक हैं, उन्हें अधिकारियों द्वारा की जाने वाली बैठक में बुलाया जाना और प्रशासनिक निर्णय की जानकारी देना वैधानिक तौर पर सरासर गलत है। इसी को आधार बनाकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के ठाणे शहर जिला अध्यक्ष आनंद परांजपे ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि वे ठाणे मनपा प्रशासन और ठाणे मनपा आयुक्त डॉ विपिन शर्मा के खिलाफ राज्य के प्रधान सचिव से शिकायत करेंगे।
विदित हो कि स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के निमित्त ठाणे मनपा प्रशासन द्वारा विविध तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। जो 4 अगस्त से शुरू होगा और पूरे महीने विविध प्रकार के आयोजन होंगे। इन आयोजनों की लंबी सूची है । अनेक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा। ठाणे मनपा प्रशासन की ओर से बताया गया कि स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के निमित्त आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में साठ अन्य संस्थाएं भी सहयोग दे रही है। इन संस्थाओं के साथ समन्वय बिठाकर ठाणे मनपा प्रशासन आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने में लगा हुआ है। यह भी दावा किया गया कि आज तक महाराष्ट्र के किसी भी महानगरपालिका में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित नहीं किए गए होंगे। जैसा कि ठाणे महानगरपालिका इस अवसर पर करने जा रही है।
जब ठाणे मनपा प्रशासन द्वारा अमृत महोत्सव मनाए जाने की तैयारियों को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के ठाणे शहर जिलाध्यक्ष आनंद परांजपे से प्रतिक्रिया ली गई तो उन्होंने कहा कि मनपा प्रशासन ने जो भी किया है वह गलत है । ठाणे के पूर्व महापौर नरेश म्हस्के इस समय ठाणे शहर के एक सामान्य व्यक्ति हैं। वे महापौर नहीं है । दूसरी ओर चिंता की बात यह है कि ठाणे महानगरपालिका में इस समय प्रशासक द्वारा कार्यों का संचालन किया जा रहा है। सरकार ने वर्तमान ठाणे मनपा आयुक्त डॉ विपिन शर्मा को ठाणे मनपा का प्रशासक नियुक्त किया है। लेकिन ठाणे मनपा के प्रशासक होने के बावजूद भी जिस तरह का काम वे करवा रहे हैं, वह तकनीकी तौर पर गलत है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के प्रशासनिक गतिविधियों में पूर्व महापौर को शामिल किया जाना सरासर गलत है। इस बात को लेकर वे चुप नहीं बैठने वाले हैं।
इसी बीच जब आनंद परांजपे से सवाल किया गया कि पूर्व महापौर नरेश म्हस्के दावा कर रहे हैं कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कई लोग उनके साथ संपर्क में हैं। बहुत चेहरे शिवसेना में आने को आतुर हैं तो इस पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि म्हस्के आज तक जिस ऊंचाई पर भी पहुंचे हैं, उसके लिए उन्होंने निष्ठा का कभी भी सहारा नहीं लिया है। दलबदल उनके रग रग में है। इसीलिए हर चेहरे उन्हें दलबदलू ही नजर आते हैं।