
Thane: जिम्मेदारी से भाग रहा है विपक्ष बावनकुले का गंभीर आरोप

ठाणे : महाराष्ट्र में सत्तासीन सरकार कल्याणकारी सरकार है। इस सरकार की विश्वसनीयता वर्तमान के साथ आगे भी बनी रहेगी। इन बातों का जिक्र करते हुए भाजपा के महासचिव चंद्रशेखर बावनकुले ने आरोप लगाया कि राज्य में विपक्ष अपनी भूमिका के साथ न्याय नहीं कर पा रहा है। उसे आत्मचिंतन करने की आवश्यकता है। वे ठाणे के कलवा स्थित सिद्धि हॉल में आयोजित पत्रकार परिषद के दौरान आज बोल रहे थे।
इसी अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री इस बात की समीक्षा करेंगे कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा जो कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई है, उसका लाभ लोगों को मिल रहा है। सबसे अधिक आवश्यकता इस बात की है कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सर्वप्रथम जरूरतमंदों को मिले। इसके लिए सरकार हर स्तर पर प्रयासरत है। राज्य के 16 निर्वाचन क्षेत्रों की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री को दी गई है। उन्होंने बताया कि अनुराग ठाकुर को कल्याण लोकसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यह 3 दिवसीय 21-खंड का कार्यक्रम होगा।
इसी मौके पर बोलते हुए चंद्रशेखर बवनकुले ने कहा कि कुछ लोग दिन में ही सपना देखते हैं। कुछ पार्टियों के नेता शायद इसी बीमारी से पीड़ित है। उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि वे महाराष्ट्र के हित में सकारात्मक भूमिका निभाए। वर्तमान सत्तासीन सरकार पूरी तरह कल्याणकारी सरकार है। हर नागरिकों का कल्याण हो, इसी को ध्यान में रखकर यह सरकार काम कर रही है। एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस की जोड़ी वाली सरकार बेहतर निर्णय ले रही है। शिंदे-फडणवीस की सरकार मजबूत है। इस सरकार ने 36 दिन में 42 फैसले लेकर यह साबित कर दिया है कि वह कल्याणकारी कार्यों के लिए कटिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दिल्ली दौरे से संबंधित सवाल पर बावनकुले ने कहा कि वे वहां राज्य की भलाई के लिए ही गए हैं। ओबीसी आरक्षण और राज्य के लिए अधिक फंड जुटाने हेतु वे दिल्ली में हैं। इसी दौरान उन्होंने अजित पवार पर कटाक्ष करते हुए कहां के यदि पूर्व उपमुख्यमंत्री पवार चाहे तो उनका भी दिल्ली प्रवास संभव हो सकता है।
दूसरी ओर बावनकुले ने इस बात को भी स्पष्ट किया कि न्यायालय ने कैबिनेट के विस्तार पर किसी भी तरह की रोक नहीं लगाई है। इसके साथ ही राज्य में बारिश से हो रही क्षति को लेकर उन्होंने आश्वासन दिया कि फसलों की हुई क्षति का आकलन और पंचनामा किए जाने के बाद जल्द से जल्द मुआवजे की घोषणा यह सरकार करने वाली है। इस पत्रकार परिषद का आयोजन भाजपा ठाणे शहर जिला महासचिव मनोहर सुगदरे ने करवाया था।