
Thane: राष्ट्रपति के अपमान से आक्रामक हुई भाजपा

ठाणे : लोकसभा में कांग्रेस के गटनेता अधीर रंजन चौधरी ने देश की नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के खिलाफ आपत्तिजनक और असभ्य टीका टिप्पणी की थी। जिसको लेकर भाजपा आक्रामक हो गई है। भाजपा की महाराष्ट्र प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट माधवी नाईक ने मांग की है कि चौधरी अपनी गलती को स्वीकारते हुए देश से माफी मांगे।
इसके साथ ही एडवोकेट माधवी नाईक ने यह भी आरोप लगाया है कि अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के संदर्भ में जो टीका टिप्पणी की है, उसमें कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी का भी प्रोत्साहन है। यही वजह है कि इस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल सांसद द्वारा किया गया। भाजपा किसी भी स्तर पर इसे स्वीकार करने को तैयार नहीं है। ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस कांग्रेस नहीं बल्कि इसमें कुसंस्कृति का बयान चल रहा है।
आगे उन्होंने कहा कि जब तक इस मामले में माफी नहीं मांगी जाती, तब तक भाजपा का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। कांग्रेस के खिलाफ उग्र आंदोलन किए जाएंगे। इन बातों का जिक्र करते हुए एडवोकेट माधवी नाईक ने कहा कि ईडी कार्रवाई के खिलाफ जगह-जगह प्रदर्शन कर कानून व्यवस्था का मजाक उड़ाने वाली कांग्रेस अब अपनी मर्यादा भी खो रही है । इसी का नमूना है कि कांग्रेसी सांसद राष्ट्रपति के खिलाफ भी टीका टिप्पणी करने से परहेज नहीं कर रहे हैं ।यह कांग्रेस का दुर्भाग्य है।
राष्ट्रपति के अपमान को लेकर विवाद उठने के बाद कांग्रेस नेतृत्व और पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी चुप्पी साधे हुई है। इससे एकदम स्पष्ट हो जा रहा है कि इसमें उनकी भी हरी झंडी रही होगी । सोनिया गांधी की हरी झंडी मिलने के बाद ही अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के प्रति ऐसी अभद्र टीका टिप्पणी की। एडवोकेट नाईक ने कहा कि कांग्रेस की यह हरकतें माफी के लायक भी नहीं है। लेकिन ऐसा लग रहा है कि अब कांग्रेस में नैतिक मूल्यों का पूरी तरह पतन हो चुका है। परिणामस्वरूप कांग्रेसी हर स्तर पर अपनी निजी मर्यादा का भी त्याग कर रहे हैं।