
Thane: अमित ठाकरे का बढ़ रहा ठाणे प्रेम

ठाणे : महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना के अध्यक्ष अमित ठाकरे ने आज सवेरे ठाणे के ज्ञानसाधना महाविद्यालय में मनविसे के यूनिट की स्थापना और यूनिट फलक का अनावरण अपने हाथों से किया। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारी, मनविसे के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। हालांकि इस दौरान उन्होंने किसी भी तरह की राजनीतिक टीका टिप्पणी नहीं की। लेकिन जाते-जाते उन्होंने यह संकेत दिया कि उन्हें ठाणे शहर से असीम लगाव है। वे पार्टी समर्थकों की भावनाओं का तहे दिल से आगे भी सम्मान करते रहेंगे। हैरतअंगेज वाली बात यह रही कि उनका कार्यक्रम नासिक के लिए पहले से ही तय था, लेकिन इसके बावजूद भी ठाणे शहर के लिए समय निकाल कर उन्होंने मनविसे पदाधिकारियों और समर्थकों का मनोबल बढ़ाया।
ठाणे शहर स्थित ज्ञानसाधना कॉलेज पहुंचने पर महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना के अध्यक्ष अमित ठाकरे का जोरदार स्वागत किया गया। ढोल, ताशे, गाजे-बाजे के साथ उनका सत्कार हुआ । साथ ही इस अवसर पर मनविसे पदाधिकारियों ने अमित ठाकरे के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की।
ज्ञान साधना कॉलेज पहुंच कर अमित ठाकरे ले मनविसे यूनिट की स्थापना और यूनिट फलक का उत्साह के साथ अनावरण किया। वे मनविसे के पदाधिकारियों को बिना कुछ कहे प्रोत्साहित करते हुए नजर आए। इस दौरान मनसे के ठाणे पालघर जिला अध्यक्ष अविनाश जाधव, मनविसे के महासचिव संदीप पाचंगे, मनसे के शहर अध्यक्ष रविंद्र मोरे, मनविसे के ठाणे शहर अध्यक्ष अरुण घोसालकर के साथ ही अन्य पदाधिकारी निलेश चव्हाण, दिनेश मांडवकर, मनविसे शहर सचिव प्रितेश मोरे और किरण पाटील आदि के साथ ही अन्य पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में इस अवसर पर उपस्थित थे। मनविसे के फलक का उद्घाटन करने और स्थानीय पदाधिकारियों से संक्षिप्त वार्ता के पश्चात मनविसे अध्यक्ष अमित ठाकरे पूर्व नियोजित नासिक शहर में आयोजित होनेवाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकल गए।
विदित हो कि हाल के दिनों में महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना के अध्यक्ष अमित ठाकरे की दिलचस्पी ठाणे शहर से काफी बढी है। कुछ दिन पहले ही उनका ठाणे शहर आगमन हुआ था। जब उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन सीकेपी हॉल में किया था। इसके चंद रोज बाद एक बार फिर मनविसे के कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने संकेत दे दिया है कि ठाणे शहर के साथ उनका जुड़ाव आने वाले समय में और भी अधिक मजबूत होगा।