
Prayagraj: लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार की आत्महत्या

आलोक गुप्ता
प्रयागराज: यमुनापार के औद्योगिक क्षेत्र थाना (Yamunapar’s industrial area police station) में एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक ने लाइसेंसी बंदूक का प्रयोग किया है। मामले की जानकारी होते ही मुकामी पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन कर शव को चीरघर भेजा। आत्महत्या का यह प्रकरण नारायण अपार्टमेंट का है। युवक ने आत्महत्या क्यों की, यह साफ नहीं हो सका है।
जानकारी के मुताबिक चंदौली जनपद के अलीनगर, हिंदवाली के रहने वाले विभूति नारायण सिंह (45) पुत्र हंसनारायण सिंह ठेकेदारी करते थे। वह औद्योगिक क्षेत्र में स्थित नारायण अपार्टमेंट में किराए पर रहते थे। बताया जाता है कि बीती रात उन्होंने लाइसेंसी असलहे से खुद को गोली मार ली। आधी रात के बाद गोली चलने की जानकारी होते ही अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया। विभूतिनारायण सिंह के साथ रहने वाले सुपरवाइजर इंद्रजीत यादव ने इस मामले की जानकारी पुलिस को दी।
ठेकेदार के द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिलते ही मुकामी पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना करने के साथ-साथ पूरे फ्लैट की तलाशी ली। पुलिस के द्वारा घटना की सूचना मिलने पर विभूति नारायण सिंह के परिजनभी प्रयागराज पहुंच गए हैं। शव को चीरघर भेज दिया गया है। विभूति नारायण ने आत्महत्या क्यों की, समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका था।