
Prayagraj: योग दिवस पर ‘ओम’ की ध्वनि से गुंजायमान हुआ संगम तट

सूबे के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने किया योग, कहा- योग को बनाएं जीवन का हिस्सा
आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आज पूरे जनपद में योगाभ्यास किया गया। संगम नोज के साथ ही जनपद के समस्त विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ लोगों ने घरों में भी योग किया। जनपद का प्रमुख आयोजन गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के तट पर किया गया। यहां पर हजारों की संख्या में लोगों ने योगाभ्यास में भाग लिया। योग कार्यक्रम के चीफ गेस्ट सूबे के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। उन्होंने सभी के साथ योग किया और लोगों से योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

मंगलवार की रात के दूसरे पहर से ही संगम तट पर लोगों की चहलकदमी बढ़ने लगी थी और पौ फटने से पहले ही योग में शामिल होने के लिए लोगों का आना शुरू हो गया। इसके उपरांत संगम की रेती पर बिछाई गई दरी और योग मैट पर लोगों ने 45 मिनट तक योग का अभ्यास किया। योगाभ्यास के दौरान लोगों ने ओम का सामूहिक रूप से उच्चारण भी किया, जिससे संगम तट ओम की ध्वनि से गूंज उठा। इसके पूर्व ब्रजेश पाठक ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की और संगम तट पर गंगा आरती भी की। इसके बाद रेसिंग बोट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। योग में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र बांटे गए। संगम नोज पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर तमाम लोग इस क्षण को कैमरे में कैद करते नजर आए। आज के इस आयोजन में आठ हजार से अधिक लोगों ने योग किया।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि ऋषियों, मुनियों की इस प्राचीन परंपरा को विश्वके धरातल पर गौरव दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। उन्होंने कहा कि योग न सिर्फ हमें स्वस्थ बनाता है, बल्कि हमारे जीवन को संतुलित भी करता है। उन्होंने लोगों से योग को दिनचर्या में शामिलक करने का आह्वान किया। सेना में भर्ती की नई स्कीम अग्निपथ योजना के मुद्दे पर डिप्टी सीएम ने युवाओं से अपील भी की। कहा कि यह योजना युवाओं के हित के साथ-साथ राष्ट्र के हित में है। युवा किसी के बहकावे में न आएं। योग कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिथयों के साथ आईजी, जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री, एसएसपी अजय कुमार समेत तमाम आलाधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष व कार्यकर्ता शामिल हुए।
डीसीपीसी के स्वयंसेवकों ने दिखाई सेवाभावना
प्रयागराज, योग दिवस के मौके पर संगम तट पर जुटी हजारों की भीड़ को संभालने और व्यवस्थाओं को बनाए रखने में डीसीपीसी की टीम ने भी सहयोग किया। अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) अरुण कुमार दीक्षित के निर्देश पर जिला अपराध निरोधक समिति (DCPC) के स्वयंसेवकों की टीम यातायात प्रकोष्ठ प्रभारी कुलदीप धर, विशाल श्रीवास्तव, प्रशांत सिंह, वार्ड अधिकारी नैनी, वार्ड अधिकारी झूंसी, वार्ड अधिकारी करेली, थाना कमेटी नैनी, झूंसी, करेली, दारागंज, धूमनगंज, अतरसुइया, मुट्ठीगंज के अलावा यूथ टीम महिला प्रकोष्ठ प्रभारी व यूथ टीम प्रभारी यमुनापार/ नगर व अधीनस्थ सदस्यों आयोजन शुरू होने से लेकर खत्म होने तक संगम तट पर डटे रहे और अपनी सेवाभावना का परिचय देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
डीसीपीसी के सदस्यों ने पुलिस-प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया। इसके लिए केंद्रीय कमेटी ने सभी सम्मानित सदस्यों, पदाधिकारियों का आभार जताया है। सचिव संतोष कुमार श्रीवास्तव ने भी सफल आयोजन के लिए जिला कमेटी का आभार व्यक्त किया है।
आठ वर्षीय आकार ने यमुना में किया जलयोग
प्रयागराज, आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर जनपद के आकार साहू ने यमुना में जल योग का प्रदर्शन किया।अतरसुइया के रहने वाले आकार साहू आर्मी पब्लिक स्कूल न्यू कैंट के छात्र हैं। योग दिवस के मौके पर आकार साहू ने यमुना नदी की जलधारा पर योग की विभिन्न क्रियाओं का प्रदर्शन कर सभी का आश्चर्य में डाल दिया। आकार साहू ने पानी में पद्मासन, ताड़ासन, सूर्यनमस्कार, शवासन और कोणासन का प्रदर्शन किया।
आकार साहू पिछले चार वर्ष से तैराकी की बारीकियां सीख रहे हैं और नियमित जल में योगाभ्यास करते हैं। जल में योग करने के साथ-साथ आकार साहू लोगों को योग करने काआह्वान करते हैं। नन्हे छात्र आकार साहू का कहना है कि जलयोग से फेफड़े मजबूत होते हैं और शारीरिक शक्ति में इजाफा होता है।