
Prayagraj: अरैल घाट पर मिला नीबी के युवक का शव

आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) नैनी कोतवाली क्षेत्र में आज एक युवक का शव अरैल घाट पर पानी में पाया गया। स्नान के लिए गए लोगों की सूचना पर पहुंची मुकामी पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर चीरघर भेजा। युवक की शिनाख्त यमुनापार के बारा, नीबी निवासी मोहम्मद नफीस के रूप में हुई है। नफीस के शव मिलने की जानकारी उसके परिजनों को भेज दी गई है।
जानकारी के मुताबिक आज सुबह कुछ लोग अरैल घाट पर स्नान के लिए गए थे। इसी दौरान घाट के समीप पानी में एक युवक का शव देखा। इस पर लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना देते हुए शव को बाहर निकलवाया। युवक की जेब से आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान हुई।
बताया जाता है कि आज सुबह नफीस का शव देखे जाने पर नाविकों के द्वारा शव को बाहर निकाला गया। नफीस का शव चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। हत्या कर शव को फेंके जाने की आशंका है। फिलहाल पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।
जौनपुर के छात्र ने फांसी लगाकर दी जान
प्रयागराज, कर्नलगंज थाना क्षेत्र के छोटा बघाड़ा में एक छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक जौनपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। वह एमबीएल की पढ़ाई कर रहा था और छोटा बघाड़ा में किराए पर रहता था। कर्नलगंज पुलिस के मुताबिक उक्त छात्र का नाम शशांक उर्फ शिवम सिंह (25) था, वह जौनपुर का निवासी था। शव को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की तफ्तीश की जा रही है।