
PRAYAGRAJ : वज्रपात से आठ लोगों की मौत, सीएम ने की चार-चार लाख देने की घोषणा

आलोक गुप्ता
प्रयागराज : जनपद में बीते 24 घंटे के दौरान हुई वज्रपात की घटनाओं में कुल आठ लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा दर्जनभर लोग झुलस गए हैं, जिन्हे नजदीकी हास्पिटल ले जाया गया है। मुख्यमंत्री ने असमय काल का शिकार हुए लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
वज्रपात का ताजा मामला गंगापार के हँड़िया कोतवाली क्षेत्र का है। यहां पर आज दोपहर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई। दूसरी तरफ यमुनापार के मांडा थाना क्षेत्र के बबुरा ढिलिया गांव का है। यहां की रहने वाली सन्नो देवी (25) अपने पति मुकेश कुमार बिंद के साथ सोमवार को दोपहर धान की रोपाई कर रही थी। इसी दौरान तेज बरसात होने लगी। जब तक सन्नो देवी खेत से निकलकर सुरक्षित स्थान तक पहुंच पाती, वह वज्रपात की चपेट में आ गई। वज्रपात से सन्नो देवी की मौके पर मौत हो गई, जबकि पति मुकेश कुमार व सोनू झुलस गए। घटना की जानकारी पर पुलिस ने शव को चीरघर भेजा। दूसरा मामला भी यमुनापार का है। यहां के मेजा थाना क्षेत्र सिंहपुर कला निवासी प्रतिमा शर्मा पति श्रीकांत शर्मा सोमवार की शाम शौच के लिए बाहर गई थी। इसी दौरान वह आकाशीय बिजली की चपेट में आकर काल का शिकार बन गई। तीसरी घटना मेजारोड के समोगरा गांव की है। यहां के समोगरा गांव निवासी राजू प्रजापति (25) में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजू धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली का शिकार हुआ।
चौथा मामला यमुनापार के ही कोरांव थाना क्षेत्र के माड़ो गुलदहवा गांव का है। यहां पर धान की रोपाई कर रहा 25 वर्षीय सोनू की आकाशीय बिजली की चपेट में आकर काल कवलित हो गया, जबकि सात अन्य झुलस गए हैं। इसी क्रम में बारा थाना क्षेत्र पिपरांव गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 21 वर्षीय खुशबू की मौत हो गई, जबकि तीन लोग झुलस गए हैं। खुशबू धान की नर्सरी की रखवाली कर रही थी।
अगला मामला सराय ममरेज थाना क्षेत्र के नासिर पट्टी गांव का है। यहां पर धान की रोपाई कर रही युवती बेबी (24) वज्रपात की चपेट में आ गई। बेबी की मौत हो गई। इसी तरह गंगापार के उतरांव के सराय इनायतपट्टी गांव में धान की रोपाई के दौरान गीता देवी की मौत हो गई।