India Ground Report

PANVEL : पनवेल पालिका में पांचवे दिन 6 बजे तक विसर्जित की गई 550 गणेश प्रतिमाएं

पनवेल : गणेशोत्सव के पांचवे दिन पनवेल में शाम 6 बजे तक करीब 550 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया था। कोरोना महामारी के कारण पिछले दो साल से सादे तरीके से गणेशोत्सव मनाया जा रहा था, लेकिन इस साल जैसे ही सरकार ने नियमों में छूट दी नागरिकों का उत्साह काफी बढ़ गया था, जिसके चलते नागरिकों ने इस साल काफी जोर-शोर से इस त्योहार को मनाया। महानगर पालिका क्षेत्र के कलंबोली, कोमोठे, पनवेल, खारघर के चारों वार्डों में शाम छह बजे तक 550 से अधिक घरों के गणपति को विसर्जित किया गया। गणेश विसर्जन के लिए महानगरपालिका क्षेत्र में कुल 61 स्थान श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराए गए हैं। इसमें खारघर में 37 स्थानों पर विसर्जन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जहां शाम 6 बजे तक खारघर वार्ड में 296 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। कलंबोली वार्ड में नौ स्थानों पर विसर्जन की व्यवस्था की गई है और शाम छह बजे तक यहां 66 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। कामोठे वार्ड में 6 स्थानों पर विसर्जन की व्यवस्था की गई है। जहां शाम 6 बजे तक 143 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। पनवेल वार्ड में नौ स्थानों पर विसर्जन की व्यवस्था की गई है, जहां शाम छह बजे तक 46 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। चारों वार्डों में कृत्रिम तालाब, बिजली व्यवस्था, मंडप, बैरिकेडिंग, गणेश प्रतिमा का पंजीकरण, लाउड स्पीकर, लाइफ जैकेट, निर्माल्य कलश की व्यवस्था की गई है।

Exit mobile version