
छठवें चरण की 57 सीटों पर सिर्फ 66 महिला उम्मीदवार

इंडिया ग्राउंड रिपोर्ट डेस्क
Lucknow. विधानसभा के छठवें चरण के चुनाव में 57 सीटों पर चुनाव हो रहा है। दस जनपदों की 57 सीटों पर कुल 676 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। प्रत्याशियों की इस भीड़ में महज 66 महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पिछले चरण के चुनाव में भी महिला प्रत्याशियों की स्थिति कमोवेश ऐसी ही थी। पांचवें चरण में 12 जनपदों की 61 सीटों पर चुनाव करवाया गया था, जिसमें कुल प्रत्याशी 693 चुनाव मैदान थे। इनमें महिला प्रत्याशियों की संख्या 90 थी। इसी तरह छठवें चरण के चुनाव में कुल 57 सीटों पर 676 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि इनके मुकाबले सिर्फ 66 महिलाएं चुनाव मैदान में हैं। पुरुष उम्मीदवारों की संख्या मुकाबले, महिला प्रत्याशियों की भागीदारी महज दस फीसद ही है।
प्रदेश में छठवें चरण के लिए तीन मार्च को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न करवाया जा रहा है। मतदान के लिए मतदान वाले जिलों अंबेडकरनगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया और बलिया में 13936 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन पर कुल 25326 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। मतदाताओं की संख्या की बात करें तो छठवें चरण में कल 2.15 करोड़ मतदाता हैं। इसमें 1.15 करोड़ पुरुष मतदाता, 1 करोड़ महिला मतदाता और 1363 थर्ड जेंडर के मतदाता हैं।
इसके अलावा मतदान को सकुशल संपन्न करवाने के लिए 56 सामान्य प्रेक्ष, दस पुलिस प्रेक्षक, 18 व्यय प्रेक्षक भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से लगाए गए हैं। जबकि 1680 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 288 जोनल मजिस्ट्रेट, 173 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 2137 माइक्रो आब्जर्वर भी लगाए गए हैं। इसी तरह पोलिंग पार्टियों व सुरक्षा बलोंंको ले आने और ले जाने के लिए 6114 भरी वाहन, 4005 हल्के वाहन और 110281 मतदान कार्मिक भी लगाए गए हैं।