India Ground Report

New Delhi : संजय सिंह की न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ी

नई दिल्ली: (New Delhi) दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली आबकारी घोटाला मामले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह की न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ा दी है। स्पेशल जज एम.के. नागपाल ने ये आदेश दिया।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने संजय सिंह को 4 अक्टूबर को उनके सरकारी आवास पर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। आज संजय सिंह की न्यायिक हिरासत खत्म हो रही थी, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में पेशी के दौरान संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को फंसाने की बहुत बड़ी साजिश है। सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, केजरीवाल के साथ बड़ी घटना हो सकती है।

सुनवाई के दौरान ईडी की ओर से पेश वकील ने कहा था कि दो करोड़ रुपए का लेन-देन दो किश्तों में संजय सिंह के घर पर हुआ। इसकी पुष्टि दिनेश अरोड़ा ने की थी। ईडी की अर्जी में इंडोस्प्रिट से पैसों के लेन-देन का भी ज़िक्र हुआ है। ईडी का कहना है कि संजय सिंह के घर पर उनके कर्मचारी सर्वेश को पैसा दिया गया। इस पर संजय सिंह की ओर से कहा गया था कि ईडी झूठ बोल रही है। कोर्ट ने ईडी से पूछा था कि क्या संजय सिंह के कर्मचारियों का बयान दर्ज किया है। जब संजय सिंह के खिलाफ आपके पास पुख्ता सबूत थे, तो फिर गिरफ्तारी में इतना समय क्यों लगा।

Exit mobile version