India Ground Report

New Delhi : पीडब्ल्यूडी से जुड़ी शिकायतें 1908 और जल बोर्ड की 1916 पर दर्ज करा सकते हैं लोग

नई दिल्ली : (New Delhi) दिल्ली के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने शनिवार को त्रिनगर विधानसभा क्षेत्र का दौरा स्थानीय विधायक तिलक राम गुप्ता व अधिकारियों के साथ किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि यह देखकर दुख हुआ कि पिछले 10 वर्षों में यहां कोई विकास कार्य नहीं हुआ। यह स्थिति बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि अब पीडब्ल्यूडी से जुड़ी शिकायते 1908 पर दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा दिल्ली जल बोर्ड की शिकायत के लिए 1916 नंबर में भी शुरू हो गया है।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवर सफाई का कार्य तुरंत शुरू किया जाए और मानसून से पहले इसे पूरा किया जाए। इसके लिए आवश्यक मशीनों को तुरंत लगाने के आदेश दिए गए हैं। इसके बाद प्रवेश वर्मा ने आज मादीपुर विधानसभा से गुजरने वाली साहिबी नदी, नजफगढ़ ड्रेन का निरीक्षण विधायक कैलाश गंगवाल और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के साथ किया। उन्होंने बताया कि सफाई अभियान तेजी से जारी है और जल्द ही यह क्षेत्र और स्वच्छ होगा। दिल्ली के जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने के लिए तेजी से काम हो रहा है।

इसके बाद मंत्री ने मुल्तान नगर, शकूर बस्ती विधानसभा में पीडब्ल्यूडी सर्विस रोड का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए बेहतर यातायात सुविधा प्रदान करेगी और जाम व जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। इस मौके पर स्थानीय विधायक करनैल सिंह भी उपस्थित रहे।

Exit mobile version