spot_img

New Delhi : टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने पर बोले पैट कमिंस-मेरे पास समय ही कम पड़ गया

New Delhi: Pat Cummins on missing T20 World Cup: "I simply ran out of time"

नई दिल्ली : (New Delhi) ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ पैट कमिंस ने खुलासा किया है कि वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) की टीम का हिस्सा बनने के बेहद करीब थे, लेकिन रिकवरी में हुई मामूली देरी के कारण अंतिम 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं बना सके। पीठ की चोट से जूझ रहे कमिंस को टूर्नामेंट के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में बेन ड्वार्शिस ने रिप्लेस किया है।

7 फरवरी से शुरू हो रहे मेगा टूर्नामेंट से बाहर होने पर कमिंस ने कहा कि वह शारीरिक रूप से बेहतर महसूस कर रहे थे, लेकिन पूरी तरह फिट होने के लिए उनके पास पर्याप्त समय नहीं बचा था। कमिंस ने आईसीसी के हवाले से कहा,“यह वाकई दुर्भाग्यपूर्ण रहा। मैं काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं, बस एक छोटी-सी परेशानी थी और सच कहूं तो समय ही कम पड़ गया। अब मैं कुछ हफ्तों तक आराम करूंगा और फिर आगे की योजना बनाऊंगा।”

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने बताया कि एडिलेड टेस्ट के बाद मेडिकल टीम ने उनकी पीठ को पूरी तरह ठीक होने के लिए चार से आठ हफ्तों का समय देने की सलाह दी थी।

उन्होंने कहा, “हमें पता था कि एडिलेड टेस्ट के बाद हड्डी को पूरी तरह स्थिर होने के लिए चार से आठ हफ्तों की जरूरत होगी, उसके बाद ही दोबारा वर्कलोड बढ़ाया जा सकता था। शुरुआत में लगा था कि चार हफ्ते काफी होंगे, क्योंकि मैं अच्छा महसूस कर रहा था, लेकिन फॉलो-अप स्कैन के बाद लगा कि इसे दो हफ्ते और चाहिए।”

कमिंस ने आगे कहा, “इसके चलते समय-सारिणी बहुत टाइट हो गई और वर्ल्ड कप तक पूरी तरह फिट होना मुश्किल हो गया।” अब कमिंस को मार्च में इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) (IPL) के दौरान प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की उम्मीद है, हालांकि उन्होंने साफ किया कि उनका मुख्य लक्ष्य साल के दूसरे हिस्से में होने वाले अहम टेस्ट मुकाबलों के लिए पूरी तरह फिट रहना है।

ऑस्ट्रेलिया के सामने आगे व्यस्त टेस्ट कार्यक्रम है, जिसमें बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज, दक्षिण अफ्रीका का दौरा और फिर न्यूजीलैंड व भारत के खिलाफ मुकाबले शामिल हैं, जो मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र (World Test Championship cycle) का हिस्सा होंगे।

कमिंस ने कहा, “आने वाले क्रिकेट को देखते हुए हमें लगा कि साल के पहले हिस्से में सतर्क रहना सही रहेगा। अगर अभी सावधानी नहीं बरती जाती और चोट दोबारा उभरती, तो मुश्किलें बढ़ सकती थीं।”

वर्ल्ड कप से बाहर रहने के बावजूद कमिंस ने ऑस्ट्रेलियाई टीम पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि हालिया पाकिस्तान के खिलाफ टी20I सीरीज में मिली हार टीम की वास्तविक क्षमता को नहीं दर्शाती।

उन्होंने कहा, “पाकिस्तान में हमारा प्रदर्शन बेहतरीन नहीं रहा, लेकिन खिलाड़ी मजबूत बिग बैश सीजन से आ रहे हैं और कुछ खिलाड़ी चोट से उबरकर वर्ल्ड कप में लौट रहे हैं। टीम का मनोबल अच्छा है और सभी टूर्नामेंट शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।” टी20 वर्ल्ड कप 2021 (T20 World Cup 2021) की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया टीम ग्रुप स्टेज में आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान और सह-मेजबान श्रीलंका से मुकाबला करेगी।

Explore our articles