spot_img

New Delhi : जीटी रोड पर ट्रक और ट्रैक्टर ट्रॉली की भीषण टक्कर, एक की मौत

नई दिल्ली: (New Delhi) उत्तर पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में जीटी रोड पर ट्रक और ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर में ट्रैक्टर सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। इस दुर्घटना में जिस व्यक्ति की मौत हुई है, उसने ट्रैक्टर चालक से लिफ्ट ली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है। ट्रैक्टर आईएसबीटी कश्मीरी गेट होते हुए मेरठ जा रहा था।

हादसा सोमवार को तकरीबन 1 बजे के करीब शास्त्री पार्क पेट्रोल पंप के जीटी रोड पर हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि ट्रैक्टर ट्रॉली को ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी दी थी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक बीच सड़क पर पलट गया। ट्रैक्टर पर सवार लोग उछल कर सड़क पर जा गिरे। घायलों को जग प्रवेश अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। घायलों को जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान मेरठ निवासी अनिल, झारखंड निवासी हरिलाल, मेरठ निवासी सलीम और मेरठ के ही रहने वाले अमन के तौर पर हुई है। घटना के बाद से ही ट्रक चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद से ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर जब्त कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Explore our articles