नई दिल्ली : (New Delhi) बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग पहल (बिम्सटेक) कृषि मंत्रियों की तीसरी बैठक 9 अप्रैल को नेपाल में होगी। इसमें भारत, बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, म्यांमार, श्रीलंका और थाईलैंड के कृषि मंत्रियों की भागीदारी होगी। इसमें शामिल होने वाले भारतीय प्रतिनिधिमंडल की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे।
इस महत्वपूर्ण बैठक का उद्देश्य बिम्सटेक देशों के बीच चल रहे कृषि सहयोग को और मजबूत करना है।
मंगलवार को कृषि मंत्रालय ने उक्त जानकारी दी है। कृषि मंत्रालय के अनुसार विभिन्न सत्रों के दौरान भारत सहित अन्य सदस्य देशों के कृषि मंत्री, कृषि क्षेत्र में चल रहे सहयोगात्मक कार्यों की समीक्षा करेंगे। साथ ही इन सदस्य देशों के क्षेत्र के करोड़ों किसानों को लाभान्वित करने के लिए नई और अभिनव तकनीकों को बढ़ावा देने तथा अपनी-अपनी सफलता की कहानियों के आदान-प्रदान के लिए आगे के दिशा-निर्देश निर्धारित करेंगे।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी, भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के तहत प्रस्तुत की गई मजबूत वैज्ञानिक उपलब्धियों और प्रमुख नीतिगत पहलों को जाहिर करेगी। इससे भारत को बिम्सटेक क्षेत्र में एक मजबूत नेतृत्व की स्थिति में रखा जाएगा और हमारे “एक्ट ईस्ट” और “पड़ोसी पहले” पॉलिसी के महत्व को भी उजागर किया जाएगा। बैठक की मेज़बानी नेपाल सरकार कर रही है।