
Navi Mumbai: केंद्र सरकार पर हमलावर हुए नाना पटोले

नवी मुंबई : नवी मुंबई में बुधवार को कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले के नेतृत्व में आंदोलन किया। इस अवसर पर नाना पटोले ने कहा कि केंद्र सरकार देश के प्रमुख मुद्दों से देश की जनता का ध्यान भटकाने के लिए ईडी का दुरुपयोग कर रही है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी की आवाज इस देश की जनता की आवाज है ये सरकार उस आवाज को दबाना चाह रही है। सरकार ने अग्निपथ योजना लाकर लाखों युवाओं के सपनों का सत्यानाश कर दिया और अब अनाज पर जीएसटी लगाकर देश की गरीब और पिछड़ी जनता को महंगाई की आग में झोंकने का काम किया है। इन सभी गलत नीतियों के खिलाफ हमारी पार्टी लड़ रही है इसलिए सरकार हमारे नेताओं को परेशान करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सत्याग्रह का मार्ग महात्मा गांधी द्वारा दिखाया गया मार्ग है इसका मजाक महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उड़ा रहे हैं। उन्हे मालूम होना चाहिए कि अंग्रेज भी सत्याग्रह आंदोलन का मजाक उड़ाते थे बाद में उन्हें देश छोड़कर भागना पड़ा उसी तरह आनेवाले समय में भाजपा को भी देश की जनता भगाने वाली है।
वापस होने तक लड़ी जाएगी जीएसटी की लड़ाई
नाना पटोले ने कहा कि जिस वक्त जीएसटी काउंसिल में कर लगाने की चर्चा हो रही थी कांग्रेस शासित दोनो राज्यों ने उसका विरोध किया था। भाजपा के पास बहुमत होने के कारण वो कर लगाने में सफल हो गए लेकिन अब हम ये लड़ाई कर वापस होने तक लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा गया है कि व्यापारी अपने फायदे का सोचकर कभी सरकार के खिलाफ नहीं बोलते हैं इस बार जनता के लिए उन्होंने आवाज उठाई है इसलिए हम उनके साथ सरकार के खिलाफ लड़ेंगे।