![Navi Mumbai : प्याज के दाम में भारी गिरावट] फिर भी नहीं मिल रहे हैं ग्राहक](https://indiagroundreport.com/wp-content/uploads/2022/05/WhatsApp-Image-2022-05-12-at-4.59.56-PM.jpeg)
Navi Mumbai : प्याज के दाम में भारी गिरावट] फिर भी नहीं मिल रहे हैं ग्राहक

पुरूषोत्तम कनौजिया
नवी मुंबई: एशिया की सबसे बड़े बाजारों में से एक नवी मुंबई के एपीएमसी बाजार (APMC market) में प्याज की कीमतों में काफी गिरावट आ गई है। 4 महीने पहले 17 से 18 रुपए किलो बिकनेवाला प्याज आज 6 रुपए से 10 रुपए किलो बिक रहा है। जिससे न केवल व्यापारियों को नुकसान हो रहा है बल्कि किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। एपीएमसी के प्याज व्यापारी गांधी तोतलानी ने बताया कि देश में सबसे ज्यादा प्याज महाराष्ट्र में पैदा होता है। यहां से न केवल भारत की बाजारों में प्याज की आपूर्ति होती है, बल्कि दूसरे देशों में भी महाराष्ट्र से प्याज निर्यात किया जाता है। इस साल महाराष्ट्र में प्याज की पैदावार पिछले वर्षों के मुकाबले काफी ज्यादा हुई है। वहीं एपीएमसी बाजार में ग्राहकों की संख्या में भी कमी आ गई है। गर्मियों के दिन चल रहे हैं।ऐसे में मुंबई मेट्रोपोलिटन सिटी की ज्यादातर जनता शहर से बाहर गांव जा चुकी है। जिसके चलते रिटेल व्यापारियों को भी ग्राहक नहीं मिल रहे हैं। इसलिए रिटेल व्यापारी भी प्याज लेकर नहीं जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब हो सकता है कि जब लोग वापस मुंबई आएं तो प्याज की कीमतों में कुछ वृद्धि हो। उन्होंने कहा कि गोदामों में माल पड़ा है कोई खरीददार नहीं मिल रहा है और गर्मी की वजह से प्याज खराब हो रहा है। किसान बोल रहे हैं कि प्याज बेचो। अब हम किसको बेंचे जब ग्राहक ही नहीं हैं।
कुदरत ही बढ़ा सकता है कीमतें
इस साल पैदावार ज्यादा होने के कारण पूरे साल प्याज की कीमतें बढ़ने वाली नहीं है। ऐसे में पूरे साल कीमतों में कुछ ज्यादा बदलाव आने की कोई उम्मीद नहीं है। अब कुदरत ही क़ीमतें बढ़ा सकता है। अगर प्याज खराब हो जाता है, तो उसकी कमी महसूस होगी उस समय प्याज की कीमतें बढ़ सकती हैं।