
Navi Mumbai: हर घर झंडा मुहिम ने निर्माताओं के लाए अच्छे दिन

पुरुषोत्तम कनौजिया
नवी मुंबई : भारत सरकार इस साल आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत हर घर झंडा अभियान चला रही है जिसका फायदा सबसे ज्यादा झंडा निर्माताओं को हो रहा है। जो झंडा विक्रेता पिछले साल तक 5 हजार के करीब झंडे बनाते थे इस साल उन्हे पहले से ही लगभग 60 से 70 हजार झंडों का ऑर्डर मिल गया है। नवी मुंबई महानगर पालिका ने कोपरखैरने के एक महिला बचत गट को 10 हजार झंडों का ऑर्डर दिया है। इस बचत गट को सिडको ने भी 10 हजार झंडों का ऑर्डर दिया है। शिव राज्य प्रतिष्ठान के सचिव ने बताया कि हम पिछले कई वर्षों से झंडा बनाते आ रहे हैं लेकिन इस बार जितना ऑर्डर आया है उतना पहले कभी नहीं आया। महानगर पालिका ने 75 हजार झंडे बनाने का लक्ष्य रखा है जिसमे से 25 प्रतिशत झंडे बनाने का ऑर्डर हमे मिला है । इसी के साथ सिडको, प्राइवेट कंपनियों, बैंकों और विद्यालयों का ऑर्डर भी हमे मिला है। अब तक हमे लगभग 70 हजार झंडों का ऑर्डर मिल चुका है। हमारा लक्ष्य है कि हम भी पछतरवे स्वतंत्रता दिवस पर 75 हजार झंडे बनाकर रिकॉर्ड बनाएं। इसके लिए हमारे बचत गट की सभी महिलाएं काफी मेहनत कर काम कर रहीं हैं । उन्होंने कहा कि अब तक हम झंडे बनाकर खुदरा विक्रेताओं को झंडा बेचते थे लेकिन इस साल हमे पहले से ही इतना ऑर्डर मिल गया है कि हम खुदरा विक्रेताओं को इस वर्ष झंडा नहीं दे पाएंगे। झंडा बना रही शोभा पाटिल ने कहा कि नवी मुंबई में हमारा बचत गट लगभग साढ़े 3 सौ महिलाओं का बचत गट है इसलिए महानगर पालिका ने हमे यह ऑर्डर दिया है। हम सभी महिलाएं मिलकर झंडे बना रहीं हैं। हमे इस साल काफी मेहनत करनी पड़ रही है। वहीं अनीता वाईसे ने कहा कि हमे बहुत खुशी है कि हमे झंडे बनाने का मौका मिला है । हमसे ज्यादा हमारे बच्चे उत्साहित नजर आ रहे हैं वो भी हमें मदद कर रहे हैं। जिन महिलाओं के घर में सिलाई मशीन नहीं है उन्हे बचत गट की तरफ से मशीन उपलब्ध कराई गई हैं इसलिए हम बचत गट के ऑफिस में आकर काम कर लेते हैं । हमे देश के लिए कुछ करने का मौका मिल रहा है इस बात का गर्व होता है।