spot_img

Mumbai : महाराष्ट्र में कॉन्ट्रैक्ट पर नहीं होगी पुलिस भर्ती: देवेंद्र फडणवीस

मुंबई : उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि महाराष्ट्र में कॉन्ट्रैक्ट पर पुलिस की भर्ती नहीं की जाएगी। कोरोना कालखंड से अब तक पुलिस भर्ती न होने से पुलिसबल में भारी संख्या में जवानों की कमी है। इसलिए सिर्फ सुरक्षा और गार्ड ड्यूटी के लिए महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा निगम से तीन हजार कर्मचारियों को कुछ समय के लिए तैनात किया जाएगा, इन सभी को बाद में हटा दिया जाएगा। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इन सभी को कोई कानूनी कार्य नहीं दिया जाएगा।

देवेन्द्र फडणवीस ने बुधवार को विधानपरिषद में बताया कि राज्य सरकार इससे पहले भी निगम द्वारा उपलब्ध कराये गये जवानों की सेवा सरकारी कार्यालयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सार्वजनिक स्थानों आदि में सुरक्षा के लिए लेती रही है। राज्य सरकार ने महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा निगम इसी उद्देश्य से बनाया था। इस निगम में जिन लोगों की नियुक्ति की जाती है उन्हें हवाई अड्डों अन्य प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा की ड्यूटी दी जाती है। देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि राज्य में पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों में सीमित लोगों को ट्रेनिंग दी जा सकती है। इसी वजह से इस समय तत्काल पुलिस की कमी को तत्काल पुलिस भर्ती कर पूरा नहीं किया जा सकता है।

विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष अंबादास दानवे, कांग्रेस सदस्य अशोक भाई जगताप ने राज्य में कॉन्ट्रैक्ट पर पुलिस भर्ती किए जाने का मुद्दा मंगलवार को उपस्थित किया था। विधानपरिषद की उपसभापति नीलम गोरहे ने राज्य सरकार को इस मुद्दे पर निवेदन करने को कहा था। इसी वजह से देवेंद्र फडनवीस ने आज सरकार का पक्ष रखा।

Explore our articles