India Ground Report

Mumbai : मुंबई में 120 एकड़ जमीन पर मीडिया और मनोरंजन सिटी बनाई जाएगी: मुख्यमंत्री फडणवीस

मुंबई : (Mumbai) मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने गुरुवार को कहा कि मुंबई में 120 एकड़ जमीन पर मीडिया और मनोरंजन सिटी बनाई जाएगी । यह 120 एकड़ जमीन मुंबई की 500 एकड़ की फिल्म सिटी में उपलब्ध कराई गई है। ये दोनों परियोजनाएं आगामी महीनों में पूरी हो जाएंगी।

मुख्यमंत्री फडणवीस गुरुवार को मुंबई के बीकेसी में विश्व दृश्य-श्रव्य और मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) 2025 को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि इस वेव्स सम्मेलन के माध्यम से भारत ने दिखा दिया है कि वह रचनात्मक क्षेत्र में सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने स्वयं को एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित किया है और अब भारत रचनात्मक क्षेत्र में भी नेतृत्व करने के लिए तैयार है। सूचना प्रौद्योगिकी, कौशल और क्षमताएं महाराष्ट्र की ताकत हैं। मुख्यमंत्री ने भारत की नई ‘रचनात्मक लहरों’ का स्वागत करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र के विकास में विभिन्न क्षेत्र योगदान दे रहे हैं। आने वाले समय में मनोरंजन क्षेत्र महाराष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन तथा देश-विदेश के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Exit mobile version