India Ground Report

MUMBAI: महाराष्ट्र उपचुनाव : ऋतुजा लटके आगे, नोटा दूसरे स्थान पर

MUMBAI

इंडिया ग्राउंड रिपोर्ट डेस्क
मुंबई:(MUMBAI)
मुंबई की अंधेरी (East) विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शिवसेना (Uddhav Balasaheb Thackeray) की उम्मीदवार ऋतुजा लटके आसान जीत की ओर हैं और उन्हें रविवार को अब तक गिने गए 49,616 मतों में से 37,000 से अधिक वोट मिले हैं। उनके बाद उपरोक्त में से कोई नहीं (NOTA) विकल्प के पक्ष में 7,556 मत पड़े हैं।

मतों की गिनती के बारे में एक अधिकारी ने बताया कि अब तक 10 चरण की मतगणना पूरी हो चुकी है। इस साल मई में शिवसेना विधायक रमेश लटके के निधन के कारण संबंधित सीट पर आवश्यक हुए उपचुनाव के लिए तीन नवंबर को मतदान हुआ था। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के चुनावी दौड़ से अपने उम्मीदवार का नाम वापस लेने से यह चुनाव महज औपचारिकता रह गया।

दसवें दौर की मतगणना के अंत में ऋतुजा लटके को अब तक गिने गए 49,616 मतों में से 37,469 मत प्राप्त हुए हैं। नोटा विकल्प के पक्ष में अब तक 7,556 वोट पड़े हैं, जिससे छह अन्य निर्दलीय उम्मीदवार बहुत पीछे रह गए हैं। नोटा मतदाताओं को चुनाव में किसी भी उम्मीदवार के पक्ष में मतदान नहीं करने का विकल्प देता है।

शिवसेना के रमेश लटके ने अंधेरी (East) विधानसभा सीट का दो बार प्रतिनिधित्व किया था। वर्ष 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शिवसेना ने 56 सीट पर जीत हासिल की थी। इस साल मई में रमेश लटके के निधन के कारण यह संख्या घटकर 55 रह गई थी।

जून में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में 40 शिवसेना विधायकों ने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह कर दिया था, जिसके परिणामस्वरूप उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी सरकार (एमवीए) गिर गई थी।

इसके बाद शिंदे भाजपा के साथ गठबंधन में मुख्यमंत्री बने। एमवीए सरकार के गिरने के बाद महाराष्ट्र में यह पहला चुनावी मुकाबला है। एमवीए के घटक दल-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस, दोनों ने ऋतुजा लटके की उम्मीदवारी का समर्थन किया है।

Exit mobile version