India Ground Report

Mumbai : बाढ़ के मद्देनजर सांगली जिला जेल के 80 कैदी कलंबा जेल में स्थानांतरित

मुंबई : (Mumbai) सांगली जिले में आई बाढ़ के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से सांगली जिला जेल के 80 कैदियों को कोल्हापुर की कलंबा जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है। इनमें 60 पुरुष और 20 महिला कैदी हैं। बताया गया है कि अगले दो से तीन दिनों में दूसरे जिलों से भी कैदियों को ‘कलंबा जेल ‘ में शिफ्ट करने की योजना है।

कलंबा जेल के अधीक्षक विवेक जेंडे ने बताया कि सांगली जिला जेल के 80 कैदियों को आज कलंबा जेल में लाया गया है जबकि 25 कैदियों को अकोला, नागपुर, अमरावती, यवतमाल जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है। सांगली, मिरज समेत जिले के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। इससे बाढ़ का पानी सांगली जेल के पास तक पहुंच गया है। इसी वजह से यहां सजा भुगत रहे कैदियों को कलंबा जेल में लाया गया है।

विवेक जेंडे ने बताया कि कलंबा जेल की क्षमता 1699 कैदियों की है और वर्तमान में इसमें 2 हजार 118 कैदी हैं। इसमें 100 महिला कैदी भी हैं। बाढ़ प्रभावित जेलों के कैदियों को यहां ज्यादा कैदी होने के बाद भी एडजस्ट किया जा रहा है।

Exit mobile version