
Mau: मुख्तार अंसारी की पत्नी की 3.76 करोड़ की संपत्ति होगी कुर्क

इंडिया ग्राउंड रिपोर्ट डेस्क
मऊ: (Mau) कारागार में निरुद्ध मुख्तार अंसारी की पत्नी अफ्सा अंसारी की 3.76 करोड़ रुपये की संपत्ति को कुर्क किए जाने की तैयारी जिला प्रशासन ने कर ली है। यह संपत्ति सदर तहसील क्षेत्र के शेखपुर में स्थित है। जिला मजिस्ट्रेट अरुण कुमार ने बताया कि कुर्क की जाने वाली भूमि अफ्सा अंसारी द्वारा अवैध तरीके से कमाई गई रकम से अर्जित की गई है। शासन के निर्देश पर ऐसी संपत्तियों को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क किया जा रहा है।
अफ्सा अंसारी के खिलाफ गाजीपुर जनपद के कई थानों में विभिन्न धाराओं में केस पंजीकृत हैं। इसके अलावा मऊ जनपद के थाना सराय लखंसी और दक्षिण टोला में भी केस दर्ज किए गए हैं। अफ्सा अंसारी ने अवैध कृत्यों के जरिए जो संपत्ति अर्जित की है, उसे कुर्क किया जाएगा। जनपद में इस तरह की कार्यवाही उन तमाम लोगों के खिलाफ की जाएगी, जिन्होंने अवैध कमाई से संपत्ति अर्जित की है, सभी का चिन्हांकन किया जा रहा है।