India Ground Report

Lucknow : प्रधानमंत्री मोदी 27 जून को ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत’ अभियान का शुभारम्भ करेंगे : सुनील बंसल

राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने उप्र भाजपा के साथ की तैयारी बैठक

लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 जून को भारतीय जनता पार्टी के ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत’ अभियान का शुभारम्भ करेंगे। इसके साथ ही देश में पार्टी के कार्यकर्ता अभियान की सफलता के लिए अपने-अपने बूथ में अभेद्य दुर्ग की संरचना तैयार करने में जुटेंगे। घर-घर सम्पर्क अभियान के माध्यम से हर घर तक केन्द्र सरकार की उपलब्धियों का दस्तावेज पहुंचाएंगे।

भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत’ अभियान, घर-घर सम्पर्क अभियान की तैयारियों के संबंध में वर्चुअल बैठक की। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, जिलाध्यक्ष तथा जिला प्रभारियों सहित प्रदेश अभियान टोली के सदस्य वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

बैठक के दौरान सुनील बंसल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 जून को भोपाल से ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत’ अभियान का शुभारम्भ करेंगे। देश के 03 हजार से अधिक प्रशिक्षित कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान भोपाल में उपस्थित रहेंगे। जिसमें उत्तर प्रदेश के 500 से अधिक प्रशिक्षित कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे। प्रधानमंत्री मोदी के वर्चुअल संवाद के साथ देश भर में मण्डलों तथा बूथों पर पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि विभिन्न संचार माध्यमों से बूथ पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता मोदी के प्रेरक पाथेय से प्रेरणा लेंगे। उन्होंने कहा कि 26 जून को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में उपस्थित रहने वाले कार्यकर्ताओं की कार्यशाला को भोपाल में सम्बोधित करेंगे।

बंसल ने कहा कि महा-जनसम्पर्क अभियान के तहत पार्टी की उत्तर प्रदेश ईकाई ने परिश्रम के साथ कार्य करते हुए सभी अभियानों को सफल बनाया है। उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ता मेरा बूथ सबसे मजबूत, घर-घर सम्पर्क तथा सम्पर्क से समर्थन अभियान को भी सफल बनाएंगे।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत’ अभियान और 23 जून से 30 जून तक चलने वाले घर-घर सम्पर्क अभियान की सफलता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि शक्ति केन्द्रों पर आयोजित बैठकों में तैयार माइक्रो प्लानिंग से अभियान को सर्वस्पर्शी बनाना है। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता पार्टी के सभी कार्यकर्ता तथा पार्टी पदाधिकारियों की अभियान में सहभागिता पर निर्भर करती है। इसलिए सब जुड़ें और सबको जोड़ें के फॉर्मूलें पर काम करना है।

उन्होंने कहा कि सभी जिला प्रभारी 23 से 30 जून तक अपने प्रभार वाले जनपद में प्रवास सुनिश्चित करें। जिले के सभी पदाधिकारी मंडलों में अभियान प्रभारी के रूप में कार्य करेंगे। मेरा बूथ-सबसे मजबूत तथा घर-घर सम्पर्क अभियान पार्टी के महत्वपूर्ण अभियान है। इन अभियानों की सफलता के लिए एक सप्ताह तक पूरे परिश्रम तथा समर्पण के साथ सभी को कार्य करना है।

धर्मपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार की गरीब कल्याण की योजनाएं हर घर तक पहुंचाने का लक्ष्य और मोदी को फिर एक बार प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लेकर कार्य करना है। उन्होंने कहा कि सम्पर्क से समर्थन अभियान के तहत प्रत्येक लोकसभा में एक हजार विशिष्ठ लोगों से सम्पर्क करने का कार्य भी अभियान के साथ ही चलेगा। वर्चुअल बैठक में प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, संजय राय और राम प्रताप चौहान भी शामिल हुए।

Exit mobile version