India Ground Report

Kolkata : तृणमूल ने शुभेंदु पर लगाया विधानसभा में कूद फांद का आरोप, भाजपा ने कहा : ममता अपने दिन याद कर लें

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने राज्य विधानसभा के सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी पर गैरजरूरी तरीके से कूद फांद (नाचानाची) का आरोप लगाया है। मंगलवार को विधानसभा के सत्र के दौरान वित्त राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य निर्धारित समय से अधिक वक्तव्य रख रही थीं जिसे लेकर शुभेंदु ने बार-बार आपत्ति जताई। इस पर तृणमूल कांग्रेस के उप मुख्य सचेतक तापस राय ने उन पर गैर जरूरी तरीके से कूदफांद कर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया।

इसके जवाब में भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक मनोज टिग्गा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस को ममता बनर्जी के पुराने दिनों को याद करना चाहिए। उन्होंने संसद में अध्यक्ष के तरफ कागज फाड़ कर फेंका था। इसके अलावा 2006 के दिसंबर महीने में विधानसभा में दौड़ भाग करते हुए तोड़फोड़ का नेतृत्व खुद राज्य के वर्तमान मुख्यमंत्री ने किया था। इसीलिए तृणमूल कांग्रेस से हमें संसदीय नीति और आचरण सीखने की जरूरत नहीं है। तृणमूल विधायकों को पहले संसदीय भाषा क्या होती है यह सीखने की जरूरत है।

मंगलवार को विधानसभा में केंद्रीय फंड में बंगाल को वंचित रखने पर चर्चा हो रही थी। मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य लगातार प्रस्ताव के पक्ष में बोल रही थी। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी उन्हें बोलने का मौका क्यों दिया जा रहा है, यह सवाल विपक्ष के नेता ने अध्यक्ष बिमान बनर्जी से पूछा। इसके जवाब में अध्यक्ष ने कहा, आपके विधायक भी काफी समय बर्बाद करते हैं। और स्पीकर चाहें तो भाषण का समय बढ़ा भी सकता है। इसके बाद चंद्रिमा ने केंद्रीय अभाव अभिभाषण में पीएम केयर फंड का मुद्दा उठाया। इस पर भाजपा विधायक अशोक डिंडा और हिरन चटर्जी विरोध करने पहुंचे तो मंत्री ने उन्हें बच्चा कहा। इसका भाजपा विधायकों ने विरोध किया और नारेबाजी करने लगे। विधायकों का आरोप था कि नियमानुसार चर्चा नहीं हो रही है। सत्ता पक्ष चर्चा के नियमों का पालन किए बगैर मनमर्जी से सत्र का संचालन कर रहा है।

कुछ देर तक नारेबाजी करने के बाद भाजपा विधायक विरोध जताते हुए सदन से बाहर चले गए। तृणमूल ने शिकायत की कि वॉकआउट के दौरान शुभेंदु ने सत्र कक्ष में हाथ उठाकर नृत्य किया। भाजपा विधायकों के कक्ष से बाहर जाने के बाद बराहनगर विधायक तापस रॉय ने अध्यक्ष से शिकायत की कि जो भी विधायक असंसदीय बोलता है उसे बाहर कर दिया जाता है। इससे पहले सत्र में भाजपा विधायकों ने तालियां बजाईं। आज विधानसभा हॉल में विपक्षी नेता ने दोनों हाथ उठाकर डांस किया। आप उनके इस असंसदीय व्यवहार को कैसे ख़त्म करेंगे?

इसका जवाब मैं अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा कक्ष में ऐसा व्यवहार कदापि वांछनीय नहीं है। मैं विपक्ष के नेता के ऐसे व्यवहार की निंदा करता हूं।

Exit mobile version