कोलकाता : (Kolkata) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (National Investigation Agency) (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में भाजपा नेता विजय कृष्ण भुनिया हत्या मामले (BJP leader Vijay Krishna Bhunia murder case) में एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित मोहन मंडल को महाराष्ट्र के पुणे से पकड़ा गया है।
भुनिया की मई 2023 में हत्या के बाद से ही मोहन मंडल फरार था। एनआईए के अनुसार, यह गिरफ्तारी गुरुवार को हुई। इससे पहले इस मामले में नब कुमार मंडल और शुभेंदु भौमिक (Nab Kumar Mandal and Shubhendu Bhowmik) को गिरफ्तार किया जा चुका है। नब कुमार मंडल को नवंबर 2024 में गिरफ्तार किया गया था।
कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के बाद अप्रैल 2024 में एनआईए ने यह मामला मोयना पुलिस से अपने हाथ में लिया था। जांच एजेंसी ने कहा कि वह इस मामले की पूरी साजिश का पर्दाफाश करने और अन्य फरार आरोपितों को पकड़ने के लिए काम कर रही है।
भुनिया, जो मोयना में भाजपा के बूथ अध्यक्ष थे, को कथित रूप से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक संग्राम कुमार डोलुई के करीबी बदमाशों ने अगवा कर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद राज्य पुलिस की जांच पर सवाल उठे थे।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने इस मामले का स्वत: संज्ञान लिया था। तत्कालीन आयोग अध्यक्ष अरुण हलदर ने मोयना का दौरा कर कहा था कि यह हत्या इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार अनुसूचित जाति के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में असफल रही है।