
Jaunpur : जमीनी विवाद में भतीजे ने चाचा को मारी गोली

घायल के बहनोई ने पहुंचाया अस्पताल, पुलिस को दी तहरीर
इंडिया ग्राउंड रिपोर्ट डेस्क
जौनपुर: (Jaunpur) बुधवार को आधी रात एक युवक ने अपने चाचा को गोली मार दी। रात के सन्नाटे में गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग चौंक पड़े। तब तक गोली लगने के बाद लोगों का शोर भी गूंजने लगा। मामले की सूचना मिलते ही मीरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को अस्पताल भेजा। भूमि विवाद में गोली चलाने के आरोपी की तलाश की जा रही है।
यह मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के बभनियांव गांव का है। जानकारी के मुताबिक महरूपुर, जफराबाद, जौनपुर के निवासी अतुल सिंह पुत्र कृष्णदेव सिंह अपने बहनोई मुख्तार सिंह उर्फ विजय प्रताप सिंह (निवासी बभनियांव, मीरगंज, जौनपुर) की बहन के यहां रहते हैं। मुख्तार सिंह की बहन का यह मकान मुख्तार सिंह के मकान के ही सामने है।
मीरगंज पुलिस को दी गई तहरीर में मुख्तार सिंह उर्फ विजयप्रताप सिंह ने बताया कि उनके साले अतुल सिंह का उनके भतीजे सूरज सिंह पुत्र सुमंत कुमार सिंह से भूमि संबंधी विवाद चला आ रहा है। आरोपित है कि सूरज सिंह ने कुछ दिन पहले अतुल सिंह को जान से मारने की धमकी दी थी।
आरोपित है कि बुधवार को आधी रात के बाद सूरज सिंह अपने दोस्त के साथ अतुल सिंह के ऊपर फायर झोंक दिया। गोली चलने केबाद हमलावर सूरज सिंह भाग निकला। दूसरी तरफ फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास हड़कंप मच गया। अतुल के चीखने-चिल्लाने की आवाज पर मुख्तार सिंह मौके पर पहुंचे और घायल अतुल सिंह को अस्पताल पहुंचाया और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर आई पुलिस ने मौका मुआयना किया। घायल अतुल सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।