India Ground Report

Jabalpur : विवादित पोस्टर लगाने को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ता गिरफ्तार, विधायक बैठे धरने पर

जबलपुर : (Jabalpur) रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में आरएसएस के खिलाफ विवादित पोस्टर लगाने वाले एनएसयूआई के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने शनिवार देर रात गिरफ्तार किया है। जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय के अनुसार रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में कुछ विवादित पोस्टर लगाए गए थे जिनकी शिकायत होने पर चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सिविल लाइन थाने में उनके खिलाफ नाम जद एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में विस्तृत जांच चल रही है।

मामले के बारे में बताया जाता है कि आरएसएस को बैन करने को लेकर लगाए गए विवादित पोस्टरों के बारे में एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव नीलेश माहर को शनिवार देर रात करीब 1 बज़े पूछताछ करने के लिए क्राइम ब्रांच गोरखपुर स्थित थाने लाई। इसके बाद उसे सिविल लाइन थाने ले जाया गया। जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंच गए। कार्यकर्ताओं द्वारा थाने के भीतर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मामले की जानकारी मिलते ही कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां पुलिस बल से तीखी नोक झोंक हुई, इसके बाद विधायक लखन घनघोरिया थाने में धरने पर बैठ गए। इसी दौरान थाने में आरएसएस के खिलाफ एवं पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। यह क्रम रविवार सुबह 4 बजे तक चलता रहा। वहीं गिरफ्तार लोगों का कहना है कि जबलपुर क्राइम ब्रांच द्वारा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का बर्बरता पूर्वक दमन करते हुए घर से जबरन उठाया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला कायम कर विस्तृत जांच प्रारंभ कर दी है। वहीं गिरफ्तार लोगों को लेकर एनएसयूआई और कांग्रेस आगे की रणनीति तय कर रही है।

Exit mobile version