India Ground Report

Bhopal : सीधी पेशाबकांड पर भड़के कमलनाथ, शिवराज सरकार को दी चेतावनी

भोपाल: (Bhopal) मध्य प्रदेश के सीधी जिले में कथित भाजपा कार्यकर्ता द्वारा एक आदिवासी युवक पर पेशाब करने का मामला गर्माता जा रहा है। सरकार द्वारा आरोपित की गिरफ्तारी, उस पर एनएसए लगाने और घर पर बुलडोजर चलाने के निर्देश के बाद भी कांग्रेस लागतार हमला बोल रही है। वहीं अब घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने एक वीडियो संदेश जारी किया है। जिसमें उन्होंने इस घटना को बिरसा मुंडा जैसे महापुरुषों का अपमान बताते हुए शिवराज सरकार को चेतावनी दी है।

कमलनाथ ने बुधवार को वीडियो संदेश जारी कर कहा कि आज मेरा मन मध्य प्रदेश के आदिवासी भाई बहनों के अपमान की घटनाओं से बहुत दुखी है। सीधी जिले में एक आदिवासी युवक के ऊपर भाजपा नेता के पेशाब करने का वीडियो देखकर रूह कांप जाती है। क्या सत्ता का नशा इस कदर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर चढ़ गया है कि वे इंसान को इंसान नहीं समझ रहे। उन्होंने कहा कि यह घटना आदिवासी अस्मिता पर प्रहार है। यह घटना टंट्या मामा और बिरसा मुंडा जैसे महापुरुषों का अपमान है। यह घटना मध्य प्रदेश के करोड़ों आदिवासी भाई बहनों का अपमान है। कमलनाथ ने कहा कि मैं शिवराज सरकार को चेतावनी देता हूं कि आदिवासी समाज पर हो रहे अत्याचारों को सरकारी संरक्षण देना बंद करें। कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से आदिवासी समाज के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाकर रहेगी।

Exit mobile version