शारिफ अंसारी
भिवंडी : भिवंडी महानगर पालिका के कर्मचारियों को सरकार ने नवंबर 2022 को वरिष्ठता सूची के साथ समायोजन को लेकर हरी झंडी दे दी है। लेकिन उसके बाद भी भिवंडी निजामपुरा शहर महानगरपालिका में पिछले कई सालों से काम कर रहे कर्मचारियों और क्लर्कों का प्रमोशन रुका हुआ है। इससे परेशान प्रभारी अधिकारी-कर्मचारियों ने गुरुवार को मनपा आयुक्त अजय वैद्य से मुलाकात की और लिखित निवेदन के माध्यम से मांग की कि कर्मचारियों-अधिकारियों को उनकी वरिष्ठता के अनुसार पदोन्नति दी जाए, इसके लिए भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका सहायक आयुक्त सुदाम जाधव के मार्गदर्शन में जगदीश जाधव,सुनील झलके, सुधीर गुरव, अपर्णा भोईर, मिलिंद पलसुले, गिरीश घोषटेकर, फैसल तातली, सोमनाथ सोशटे, बालाराम जाधव, सुनील भोईर, निहाला मोमिन, प्रकाश पाटिल, अजीत महाडिक, कल्याणी राउत, प्रशांत बायस, सायरा बानो, श्रीकांत परदेशी, संतोष पितले , अनिल आव्हाड, अरविंद घुगरे आदि विभिन्न विभाग प्रमुखों और अधिकारियों ने मनपा आयुक्त अजय वैद्य से विशेष मुलाकात की और पदोन्नति की मांग की।
गौरतलब हो कि शहरी विकास विभाग ने 2012 से भिवंडी मनपा में कार्यरत क्लर्कों और कर्मचारियों की पदोन्नति को मंजूरी दे दी है, लेकिन मनपा प्रशासन ने अभी तक कर्मचारियों की पदोन्नति नहीं की है। इनमें से कई क्लर्क, कर्मचारी, अधिकारी सहायक आयुक्त,अधीक्षक,वरिष्ठ लिपिक कई वर्षों से इस पद पर कार्यरत हैं, लेकिन इन कर्मचारियों को अभी तक पदोन्नति नहीं दी गयी है। इससे जहां कर्मचारियों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है, वहीं उनके मन में यह भावना घर कर गयी है कि भिवंडी मनपा प्रशासन उनके साथ अन्याय कर रहा है। इसके लिए भारतीय कामगार कर्मचारी महासंघ यूनियन की ओर से पिछले सप्ताह मनपा आयुक्त को विस्तृत जानकारी दी गई है कि मनपा में कार्यरत अधिकांश कर्मचारी अगले दो वर्षों में सेवानिवृत्त हो जायेंगे। बयान में मांग की गई कि ऐसे कर्मचारियों को पदोन्नत किया जाना चाहिए। कर्मचारियों ने मांग की है कि रिक्त पद के लिए सरकार द्वारा अनुमोदित मानदंडों के अनुसार, जिन कर्मचारियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता और कार्य अनुभव को ध्यान में रखते हुए पदोन्नत किया जाना है।