India Ground Report

Begusarai: बेगूसराय में राजद कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या

बेगूसराय:(Begusarai) बिहार के बेगूसराय में एक बार फिर बीते रात अपराधियों ने एक राजद कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बरौनी थाना क्षेत्र के नीगा बलुवाड़ा गांव की है। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी मो. मोनाजिर उर्फ जुम्मन के रूप में की गई है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है मोनाजिर अपने घर में सोया हुआ था। वहीं रात करीब दो बजे मोटरसाइकिल से आए दो लोगों ने उसे बाहर बुलाया और ताबड़तोड़ गोली मार दी। घटना की आवाज सुनकर दौड़े परिजन ग्रामीणों के सहयोग से उसे सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बरौनी थाना की पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मामले की छानबीन में जुटी हुई है। मृतक के परिजनों ने किसी से कोई विवाद या दुश्मनी की बात से इनकार किया है। लेकिन चर्चा है कि मृतक की पुत्री का गांव के ही किसी लड़के से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसका विरोध किए जाने पर हत्या की गई है।

ग्रामीणों के अनुसार बताया जाता है कि मोहम्मद मोनाजिर उर्फ जुम्मन ने 2021 में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ा था। लेकिन उसमें पराजित हो जाने के बाद दूसरे प्रदेश में जाकर काम करने लगा। कुछ दिन पहले ही वह गांव आया था, इसके बाद रात में गोली मार कर हत्या कर दी गई है। फिलहाल हत्या के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Exit mobile version