India Ground Report

Begusarai : बिहार में कुर्सी के लिए चढ़ा दी गई कानून व्यवस्था की बलि : गिरिराज

बेगूसराय: (Begusarai) केन्द्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को कहा कि बेगूसराय के तेघड़ा थाना क्षेत्र के पकठौल गांव में लड़की को निर्वस्त्र कर पीटा गया। अब इतनी जघन्य घिनौनी घटना की जिम्मेदारी लेने के नाम पर नीतीश कुमार समेत विपक्ष के तमाम लोग शुतुरमुर्ग की तरह जमीन में मुंह गड़ा देंगे। न्याय की उम्मीद किससे करें, जब बिहार में कुर्सी के लिए कानून व्यवस्था की बलि चढ़ा दी गई है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि बेगूसराय की यह घटना बहुत ही शर्मनाक है। इस पर बिहार सरकार को तुरंत एक्शन लेना चाहिए। सिर्फ एफआईआर ही नहीं, जल्द से जल्द सभी आरोपित को जेल भेजा जाना चाहिए। इस मामले में कोई भी राजनीतिक नहीं होना चाहिए। बिहार में महिलाओं के साथ गलत व्यवहार हो रहा है, इसपर नीतीश कुमार को ध्यान देना चाहिए।

विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि जंगलराज के पुरोधा बेगूसराय के तेघड़ा में घटी घटनाओं को देखें और जवाब दें। दलित महिला का चीरहरण हो रहा है और प्रशासन इसे रफा-दफा करने में जुटी हुई है। किसने अधिकार दिया है महिलाओं को निर्वस्त्र करने का। इतनी बड़ी घटना पर चुप्पी क्यों, चीख-चीख कर आवाज उठाने वाले आज चुप क्यों हो गए हैं। बिहार में यह पहली घटना नहीं है, बल्कि पहले भी कई घटनाएं होती रही है लेकिन पुलिस दबा देती है।

Exit mobile version