India Ground Report

Ahmedabad : अहमदाबाद और वडोदरा महानगर पालिका में महिला मेयर बनीं

प्रतिभा जैन अहमदाबाद और पिंकी सोनी वडोदरा की मेयर बनीं
अहमदाबाद: (Ahmedabad)
अहमदाबाद और वडोदरा महानगर पालिका में सोमवार को नए पदाधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। दोनों शहरों में महिला को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। अहमदाबाद में प्रतिभा जैन (Pratibha Jain) और वडोदरा में पिंकी सोनी (Pinky Soni) को मेयर बनाया गया है। दोनों जगहों पर मेयर पद सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित होने से उन्हें यह पद दिया गया है। वहीं, अहमदाबाद मनपा की स्थाई समिति के अध्यक्ष के तौर पर देवांग दाणी का नाम तय किया गया है। सोमवार को ही सूरत के महापौर और पदाधिकारियों के नाम घोषित होने की संभावना जताई गई है।

अहमदाबाद मनपा की नई मेयर प्रतिभा जैन शाहीबाग वार्ड से कॉरपोरेटर हैं। डिप्टी मेयर के रूप में घाटलोडिया वार्ड के कॉरपोरेटर जतीन पटेल की नियुक्ति की घोषणा की गई है। शासक पक्ष नेता भाईपुरा वार्ड के कॉरपोरेटर गौरांग प्रजापति की नियुक्ति हुई है।

वडोदरा में चिराग बारोट डिप्टी मेयर बने

वडोदरा महानगर पालिका में मेयर, डिप्टी मेयर और स्थाई समिति के अध्यक्ष का कार्यकाल 9 सितम्बर को पूरा हो गया था। सोमवार को यहां नए पदाधिकारियों के नाम की घोषणा की गई है। इसमें मेयर के तौर पर पिंकी सोनी, डिप्टी मेयर के तौर पर चिराग बारोट, स्थाई समिति के अध्यक्ष के तौर पर डॉ शीतल मिस्त्री और शासक पक्ष नेता के तौर पर मनोज पटेल के नाम की घोषणा की गई है।

नो रिपीट थ्योरी लागू

वर्ष 2024 चुनाव से पहले भाजपा ने राज्य में नो रिपीट थ्योरी लागू करने की घोषणा की है। इसके तहत राज्य की 5 महानगर पालिकाओं में मेयर समेत पदाधिकारियों की पूरी नई टीम तैनात करेगी। इस संबंध में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने पूर्व में घोषणा की थी। राज्य की सभी 8 महानगर पालिकाओं की सत्ता पर भाजपा काबिज है।

पहली बार सेंस लेने की प्रक्रिया अपनाई

भाजपा ने महानगर पालिकाओं के बाकी के ढाई साल के कार्यकाल के लिए पहली बार सेंस लेने की प्रक्रिया की। इसमें संगठन के कार्यकर्ताओं के पास से दावेदारों के नाम लिए गए। इसके बाद भाजपा ने अहमदाबाद और वडोदरा के मेयर और टीम की घोषणा की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने नई टीम में नो रिपीट थ्योरी लागू करने का संकेत पहले ही दे दिए थे। इससे पूर्व भी भाजपा ने नो रिपीट थ्योरी लागू कर विजय रूपाणी की पूरी सरकार बदल दी थी। अब पार्टी शहर की छोटी सरकारों में भी यह नियम लागू करने लगी है।

Exit mobile version